मुंबई, 12 अप्रैल। देश की प्रख्यात पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार की ओर से उनके पुत्र आनंद भोसले ने निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आशा भोसले का पार्थिव शरीर मुंबई के लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे आवास पर सुबह 11 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।
आशा भोसले पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर से पूरे देश के संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
1933 में जन्मी आशा भोसले ने मात्र 9 वर्ष की आयु में संगीत की शुरुआत की थी। 1943 में उन्होंने अपना पहला गीत रिकॉर्ड किया और 1950 के दशक तक वे भारतीय फिल्म संगीत में एक स्थापित नाम बन गई थीं। दशकों तक उन्होंने हिंदी सिनेमा में अपनी आवाज से श्रोताओं के दिलों पर राज किया।
अपने लंबे और सफल करियर में उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए, जिनमें 2000 का दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, 2008 का पद्म विभूषण तथा दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार शामिल हैं। इसके अलावा उन्हें कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से भी सम्मानित किया गया।
उनके प्रसिद्ध गीतों में “दिल चीज क्या है” (उमराव जान) और “मेरा कुछ सामान” (इजाजत) जैसे यादगार गाने शामिल हैं, जिन्होंने उन्हें भारतीय संगीत जगत में अमर पहचान दिलाई।
संगीत प्रेमियों और फिल्म जगत के दिग्गजों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।
