न्यूज़ डेस्क वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से लगातार अनुश्रवण एवं निरीक्षण किया जा रहा है। वैशाली जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता पूर्णतः सामान्य है तथा सभी गैस एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलिंडर उपलब्ध है। दिनांक 12 अप्रैल, 2026 की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 10408 एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है।
साथ ही वैशाली जिले के पेट्रोल पंपो पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। वर्तमान स्थिति के अनुसार पेट्रोल की उपलब्धता 799 किलोलीटर तथा डीजल की उपलब्धता 1083 किलोलीटर है, जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी नही हो रही है। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि एलपीजी गैस की बुकिंग प्राप्त होने के उपरांत गैस एजेंसियों के द्वारा उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से उनके घर तक ही गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। अतः उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर जाने की आवश्यकता नही है और वे घर बैठे ही अपनी गैस प्राप्त कर सकते है।
साथ ही यह जानकारी दी गई कि शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के उपरांत तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों के उपरांत पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला नियंत्रण कक्ष को आज तक प्राप्त कुल 823 शिकायतों में से 793 का निवारण किया जा चुका है तथा शेष 30 का शीघ्र निवारण कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त वैशाली जिला मे अवस्थित कुल 67 गैस एजेंसियों / वितरकों में से आज 20 गैस एजेंसियों / वितरकों पर निरीक्षण / छापेमारी करायी गई है।
एलपीजी गैस सिलेंडर पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा नगर परिषद् क्षेत्र अन्तर्गत उपभोक्ताओं को पीएनजी का कनेक्शन दिया जा रहा है।आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जो 24X7 संचालित हो रहा है। कंट्रोल रूम के दूरभाष संख्या 06224-260233/260234 पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी शिकायत / सुझाव दर्ज करा सकते है, जिनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर चिंता न करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं, नियमानुसार बुकिंग करें तथा होम डिलीवरी की सुविधा का लाभ उठाएं।
