न्यूज़ डेस्क, बिदुपुर। बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खिलवत पंचायत के वार्ड 12 स्थित कमालपुर सिंघिया गांव में रविवार को सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक केला बागान स्थित कुएं में कूद कर 41 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान राजबलम राय के पुत्र राजेंद्र राय (41) के रूप में हुई है। वह शिलांग में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और बीते मंगलवार को घर आया था।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुएं के पास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। कुएं की बिगड़ी हालत को देखते हुए मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने शव निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया। एसडीआरएफ आने के पूर्व ही ग्रामीण खटिया के सहारे मृतक युवक को बाहर निकाला।सूत्रों के मुताबिक मृतक युवक बीते रात में ही कुआं में चुपचाप जाकर कूद गया, किसी को पता नहीं चला।
मृतक के पिता राजबलम राय ने बताया, “बेटे का परिवार से क्या विवाद हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। रविवार सुबह जब वे उठे तो पता चला कि वह रात से ही घर से गायब है। आस-पास तलाश करने पर घर से करीब 50 मीटर दूर कुएं के पास उसके चप्पल, सिगरेट का पैकेट और लाइटर मिले। इसके बाद कुएं में कांटा डालकर खींचा गया तो पानी से शव ऊपर आया। शरीर पर कोई कपड़ा न होने के कारण निकालने में दिक्कत हुई। इसकी सूचना बिदुपुर पुलिस को दी गई।”
मृतक राजेंद्र राय के दो पुत्रियां और एक पुत्र है। बड़ी पुत्री हायर सेकेंडरी में पढ़ती है और शादी योग्य है। अन्य दोनों संतान भी पढ़ाई कर रहे हैं। युवक के इस कदम से पत्नी, तीनों बच्चों, पिता और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। इससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
