न्यूज़ डेस्क छपरा/मशरक (सारण)। सारण जिले के मशरक और पानापुर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद छापेमारी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया। डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि मशरक थाना कांड संख्या 163/26 तथा पानापुर थाना कांड संख्या 79/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पानापुर थाना क्षेत्र के मैथौरा गांव निवासी सूरज महतो को इस पूरे मामले का मुख्य सरगना पाया गया।
तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर एसआईटी टीम ने उसे कटिहार जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अवैध शराब और स्पिरिट छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद छापेमारी में 115 लीटर अवैध स्पिरिट, उपकरण, एक कारतूस, दो खोखा और मैगजीन लगा देशी पिस्टल बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार 15 मार्च की रात सेमरी गांव के पास छापेमारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया।
