न्यूज़ डेस्क, वैशाली। कृषि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत रबी गेहूँ फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) द्वारा प्रखंड हाजीपुर के पंचायत दौलतपुर देवरिया में किसान श्री दीप नारायण सिंह के खेत में किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्वयं हसिया से गेहूँ की फसल काटकर कटनी प्रयोग का शुभारंभ किया गया। यह प्रयोग रैंडम पद्धति से चयनित प्लॉट पर 10 मीटर x 5 मीटर (कुल 50 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल में सम्पन्न कराया गया, जिसमें 17 किलो 100 ग्राम गेहूँ की उपज प्राप्त हुई। इस आधार पर औसत उपज दर 34.20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।
फसल कटनी प्रयोग का उद्देश्य फसलों की वास्तविक उपज का आकलन करना तथा इसके आधार पर किसानों को बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत पारदर्शी एवं सटीक लाभ प्रदान करना है। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कटनी प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराए जाएं, ताकि किसानों को योजना का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान नजारत उप समाहर्ता श्री तारिक रजा, जिला विकास पदाधिकारी श्री राकेश कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री श्रवण रजक, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुश्री अंजली, प्रखंड विकास पदाधिकारी हाजीपुर श्री अशोक कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी श्री अरुण कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी श्री लोकनाथ ठाकुर, किसान सलाहकार श्रीमती नूतन कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कई प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।
