न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में महुआ और राघोपुर अंचल के दो राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित कर्मचारियों में महुआ अंचल के शुभम कुमार तथा राघोपुर अंचल के कन्हैया कुमार शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों कर्मियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी डिजिटाइजेशन, आधार सीडिंग एवं लगान वसूली जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। साथ ही लंबित मामलों के निष्पादन में उदासीनता और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में बाधा उत्पन्न करने की बात भी सामने आई।
जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मियों की लापरवाही के कारण विभागीय कार्यों की गति प्रभावित हुई। इसके आधार पर जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत दोनों को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में शुभम कुमार का मुख्यालय अनुमंडल कार्यालय महनार तथा कन्हैया कुमार का मुख्यालय अनुमंडल कार्यालय महुआ निर्धारित किया गया है। नियमानुसार दोनों को जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनता से जुड़े राजस्व कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए हैं।
