जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित “स्व-गणना” (Self Enumeration) अभियान में वैशाली जिला निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व एवं सतत मॉनिटरिंग के कारण अभियान तेज गति से आगे बढ़ रहा है। आज दिनांक 22 अप्रैल 2026 को जिला पदाधिकारी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्व-गणना अभियान की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में स्व-गणना का कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है और अधिकांश प्रविष्टियां सफलतापूर्वक पोर्टल पर पूर्ण की जा चुकी हैं। अबतक जिले में 2,03,015 प्रविष्टियों में से 1,94,520 पोर्टल पर अपलोड हो गया है। जबकि 8,495 लोगों द्वारा किया गया स्वगणना प्रक्रियाधीन है। शेष प्रविष्टियों को भी तेजी से पूर्ण करने हेतु सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष परिवारों को चिन्हित कर उन्हें स्व-गणना के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। उन्होंने “Each One Teach Ten” के सिद्धांत को प्रभावी रूप से लागू करते हुए जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।
साथ ही, उन्होंने सभी पदाधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने एवं समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जिससे अभियान की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्व-गणना पोर्टल (se.census.gov.in) के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
