न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जप्त एवं अधिहरित वाहनों की नीलामी प्रक्रिया शुक्रवार को समाहरणालय हाजीपुर स्थित पुष्करणी सभागार में संपन्न हुई। वाहन नीलामी समिति की उपस्थिति में आयोजित इस प्रक्रिया में विभिन्न प्रकार के वाहनों की खुली बोली के माध्यम से पारदर्शी तरीके से नीलामी की गई।
नीलामी के दौरान उत्पाद थानों में मद्यनिषेध मामलों में जप्त ट्रक, पिकअप, टेम्पू एवं मोटरसाइकिल सहित कुल 17 वाहनों की सफल नीलामी की गई। इससे जिला प्रशासन को कुल ₹5,19,400/- (पांच लाख उन्नीस हजार चार सौ रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमावली के अनुसार पूरी नीलामी प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराई गई। इस दौरान इच्छुक बोलीदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और वाहनों के लिए प्रतिस्पर्धात्मक बोली लगाई। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं का सत्यापन करते हुए नीलामी कार्य को जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ पूरा कराया गया।
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की मद्यनिषेध नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ जप्त एवं अधिहरित वाहनों के समयबद्ध निष्पादन हेतु जिला प्रशासन लगातार विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता वैशाली, वाहन नीलामी समिति के सदस्य, संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, उत्पाद विभाग के अधिकारी तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि मद्यनिषेध के तहत जप्त एवं अधिहरित अन्य वाहनों की नीलामी की अगली तिथि की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
