न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिले में लगातार बढ़ते जलस्तर एवं नदियों की तेज धार को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कई नदी घाटों पर जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा धार भी काफी तेज हो गई है। ऐसे में असावधानी बरतने पर गंभीर हादसों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। इस परिस्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे जाने वाले लोगों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिला पदाधिकारी ने आमजन से आग्रह किया है कि वे खतरनाक एवं गहरे पानी वाले घाटों पर स्नान करने से परहेज करें तथा केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें। विशेष रूप से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को अकेले नदी या घाट की ओर न जाने दें और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें।
इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि लोग तेज धार (करंट) वाले स्थानों से दूर रहें, असुरक्षित एवं फिसलन भरे किनारों पर न जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। नदी तटों पर लगाए गए चेतावनी संकेतों एवं प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि “थोड़ी सी असावधानी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। सभी नागरिक सतर्क रहें, सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।”
