न्यूज़ डेस्क, वैशाली । जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में भीषण गर्मी (हीट वेव) से निपटने के लिए जिले में व्यापक तैयारियां की गई हैं। 27 अप्रैल 2026 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद डीएम ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करें।
नगर परिषद हाजीपुर, महनार, लालगंज, महुआ, जंदाहा सहित विभिन्न नगर निकायों में प्रमुख चौक-चौराहों पर शीतल पेयजल, टैंकर एवं अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था की गई है। साथ ही बैनर, पोस्टर और माइकिंग के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोग लू से बचाव के उपाय अपनाएं और सुरक्षित रहें।
स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट करते हुए सभी अस्पतालों में ORS, फ्लूड एवं आवश्यक जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई गई है। हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए कूल रूम की व्यवस्था की गई है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्निशमन विभाग के वाहनों को विभिन्न अनुमंडलों में तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के लिए छांव, पानी एवं उपचार की व्यवस्था की गई है और पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है कि वे पशुओं को गर्मी से बचाकर रखें।
आईसीडीएस के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुबह 7 बजे से किया जा रहा है और बच्चों को गर्मी से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। बिजली विभाग को ट्रांसफॉर्मर, तारों और लूज वायर को दुरुस्त कर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
परिवहन विभाग को बसों में यात्रियों के लिए पेयजल, ORS और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं श्रम विभाग को निर्देशित किया गया है कि मजदूरों के कार्य समय में बदलाव करते हुए उन्हें सुबह और शाम के समय कार्य कराया जाए तथा दोपहर की भीषण गर्मी में कार्य से बचाया जाए।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि भीषण गर्मी को गंभीरता से लें। दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर में रहें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और तबीयत खराब होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, लेकिन इस आपदा से निपटने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
