हाजीपुर, संवाददाता। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बुधवार की सुबह हाजीपुर नगर परिषद के लेखापाल मनीष कुमार के आवास और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में दर्ज मामले के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, हाजीपुर के बागमली मोहल्ला स्थित मनीष कुमार के निजी आवास पर ईओयू की टीम सुबह पहुंची और दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की। इसके साथ ही हाजीपुर नगर परिषद स्थित उनके कार्यालय में भी अलग टीम द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान स्थानीय थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
सूत्रों के मुताबिक, लेखापाल मनीष कुमार पर अपनी ज्ञात आय से लगभग 208 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच में करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त संपत्ति होने की बात सामने आने के बाद मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर ईओयू ने यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान टीम द्वारा बैंक खातों, भूमि संबंधी दस्तावेजों, निवेश और अन्य वित्तीय अभिलेखों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान पूरा होने के बाद बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का आकलन कर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
ईओयू की इस कार्रवाई से नगर परिषद कार्यालय सहित प्रशासनिक महकमे में हलचल मची हुई है। मामले को भ्रष्टाचार के विरुद्ध राज्य सरकार की सख्त नीति के तहत की गई महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
