न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चकगुलामुद्दीन गांव स्थित एक बगीचे में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में जहरीली शराब, स्प्रिट, खाली बोतलें और विभिन्न ब्रांडों के रैपर बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलसर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चकगुलामुद्दीन गांव के एक बगीचे में बड़े पैमाने पर नकली शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद तस्करों में अफरा-तफरी मच गई और वे भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि पूरे बगीचे को अवैध शराब फैक्ट्री में तब्दील कर दिया गया था। मौके से स्प्रिट से भरे कंटेनर, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, तैयार नकली शराब और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। साथ ही हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड के नामी ब्रांड्स के रैपर भी मिले, जिनमें ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू जैसे ब्रांड शामिल हैं। इन रैपरों का उपयोग कर नकली शराब को असली बताकर बाजार में खपाने की साजिश रची जा रही थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद शराब अत्यंत जहरीली हो सकती थी, जिससे बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका थी। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस गिरोह के अन्य राज्यों से जुड़े तारों की भी जांच की जा रही है।
