वैशाली जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून के कड़ाई से अनुपालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त है। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के कड़े निर्देश के कारण उत्पाद एवं मध निषेध विभाग के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है।
दिनांक 10 अप्रैल 2026 को थाना वैशाली क्षेत्र अंतर्गत खिजरपुर में सघन वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध 10 चक्का ट्रक को रोका गया। तलाशी के क्रम में ट्रक से कुल 790 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में प्रमुख ब्रांड जैसे Royal Challenge (432 पेटी), McDowell’s (107 पेटी) एवं रॉयल स्टैग (251पेटी)शामिल हैं। सभी बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित पाया गया, जो बिहार में पूर्णतः प्रतिबंधित है।
बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 6954.48 लीटर है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में ट्रक चालक सह अभियुक्त सवई राम (पिता- जे० राम, निवासी- पावड़ी का तला, थाना- धनाऊ, जिला- बाड़मेर, राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है तथा इस अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।
जिलाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने सख्त शब्दों में कहा है कि जिले में शराबबंदी कानून का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तत्काल प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
