न्यूज़ डेस्क, वैशाली। बिदुपुर प्रखंड के नावानगर पंचायत अंतर्गत बिहवारपुर गाँव स्थित एलिमेंट्री पाठशाला का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक सादे समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं के बीच अंक-पत्र का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. राजेश्वर प्रसाद मुकेश, प्राचार्या सरिता कुमारी एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने बच्चों को संबोधित किया। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. अनन्त प्रकाश (प्राचार्य, उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर काजीपट्टी) सहित शिक्षकगण—दुखहरण पंडित, धर्मवीर ठाकुर, निक्की शर्मा, मुस्कान दत्त राय, खुशी कुमारी एवं अजित कुमार मौजूद रहे।

इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अंक-पत्र के साथ मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। बच्चों और अभिभावकों में इस अवसर पर काफी उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के समुचित शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध करा रहा है। यहाँ बच्चों के बौद्धिक, मानसिक एवं नैतिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
वहीं डॉ. अनन्त प्रकाश ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए यह विद्यालय एक बेहतर विकल्प है, जहाँ शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को संस्कार भी सिखाए जाते हैं।
