न्यूज़ डेस्क, वैशाली। बिदुपुर प्रखंड सभागार में 20 सूत्री प्रखंड कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रमाकांत गिरी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार मनीष भारद्वाज द्वारा किया गया।
बैठक की शुरुआत पूर्व में हुई बैठकों के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ की गई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने क्रमवार अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं और मुद्दे उठाए।
सदस्य अमरेंद्र साह ने भूमि संबंधी मामलों में थाने के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए चर्चा की। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को भी प्रमुखता से उठाया। सदस्य सह आरएलएम अध्यक्ष गुड्डू कुमार सिंह ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया।
वहीं सदस्य सह भाजपा अध्यक्ष सरोज कुमार ने दाखिल-खारिज से जुड़ी समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने केस संख्या 2378/25-26 (आवेदक धर्मशिला देवी) का उल्लेख करते हुए बताया कि आवेदन पर अमरनाथ चौधरी द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई है, जबकि उनका जमीन या परिवार से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद जांच लंबित है। इस पर शीघ्र जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही गई।
बैठक में पीएनबी बैंक में केवाईसी नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए गए। उपाध्यक्ष सह जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद मुकेश ने बिदूपुर के डोर स्टेप गोदाम पर अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एजीएम द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार अनाज का वितरण नहीं किया जाता और खराब गुणवत्ता का अनाज भेजा जाता है, जिससे डीलरों को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ता है।
बैठक में संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। मौके पर सदस्य प्रमोद कुमार शर्मा, डॉ संजीव कुमार निराला, बृजमोहन कुमार, आनंदी सिंह, मो० सैयद अबु जैद, सदस्या रिंकी कुमारी कर अलावा अन्य सदस्य मौजूद रहे।
