न्यूज़ डेस्क वैशाली। वैशाली पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)के निर्देशानुसार जिला कल्याण कार्यालय द्वारा महादलित समुदाय के सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जन्दाहा प्रखंड अंतर्गत विकास मित्र के एक रिक्त पद पर नियोजन हेतु विस्तृत समय-सारणी जारी की गई है। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, जन्दाहा को निर्धारित अवधि में सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है।
जारी समय-सारणी के अनुसार, सर्वप्रथम 18 अप्रैल 2026 को अनुमंडल स्तर पर विकास मित्र चयन समिति का गठन किया जाएगा। इसके उपरांत 20 अप्रैल 2026 को जन्दाहा प्रखंड के अरनिया ग्राम पंचायत में रिक्ति का प्रकाशन समाचार पत्रों के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 27 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 08 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें आवेदन निर्धारित प्रपत्र-6 में संबंधित प्रखंड कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन केवल उसी महादलित जाति से लिए जाएंगे, जिसकी बहुलता का निर्धारण अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
प्राप्त आवेदनों के आधार पर 11 मई 2026 को मेधा सूची तैयार कर प्रखंड कार्यालय एवं संबंधित पंचायत/वार्ड समूह के सूचना पट्ट पर प्रकाशित की जाएगी। इसके पश्चात 15 मई 2026 तक मेधा सूची पर प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा। सभी आपत्तियों के निराकरण के बाद 20 मई 2026 को चयन सूची तैयार कर अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति से अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा।
22 से 25 मई 2026 तक अंतिम चयन सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसमें अभ्यर्थियों के मैट्रिक या समकक्ष परीक्षा में प्राप्तांक के प्रतिशत के आधार पर वरीयता निर्धारित होगी। अभ्यर्थियों की आयु 01 जनवरी 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष एवं अधिकतम 50 वर्ष निर्धारित की गई है। चयन सूची पर प्राप्त आपत्तियों का निराकरण अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा तथा नियोजन सूची का प्रकाशन निर्धारित प्रपत्र-3 में किया जाएगा।
अंतिम रूप से 29 मई 2026 को चयनित अभ्यर्थियों को नियोजन पत्र वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर अनुमंडल स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चयनित विकास मित्रों को शपथ दिलाई जाएगी कि वे महादलित समुदाय के उत्थान हेतु समर्पित भाव से कार्य करेंगे। यदि चयनित अभ्यर्थी अनुपलब्ध रहते हैं, योगदान नहीं देते हैं अथवा उनके दस्तावेज असत्य पाए जाते हैं, तो मेधा सूची के अगले अभ्यर्थी को अवसर प्रदान किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी, वैशाली ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नियोजन प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराना सुनिश्चित करें, ताकि महादलित समुदाय के विकास हेतु जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य किया जा सके।
अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि वे विकास मित्र नियोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी, महुआ एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, जन्दाहा के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
