न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे पोषण पखवाड़ा 2026 के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु आज दिनांक 10.04.2026 को जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह(भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस (ICDS), पीएचईडी (PHED), जीविका (Jeevika), शिक्षा विभाग, कृषि विभाग तथा पंचायती राज विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करना तथा पोर्टल पर इन गतिविधियों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत इंट्री सुनिश्चित करना था। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिनांक 09 से 23 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा 2026 आयोजित किया गया है।
बैठक में जिलाधिकारी महोदया ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि पोषण पखवाड़ा के दौरान संचालित कार्यक्रमों जैसे—आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल, बच्चों के समुचित पोषण, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़े अभियानों को समन्वित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक गतिविधि का सत्यापन करते हुए उसे निर्धारित पोर्टल पर अद्यतन (अपलोड) किया जाए, ताकि राज्य स्तर पर प्रगति की सटीक जानकारी उपलब्ध हो सके।
वहीं जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पोषण संबंधी लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा जमीनी स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करें। अंत में जिलाधिकारी महोदया ने सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वे पोषण पखवाड़ा को एक जन-आंदोलन के रूप में लेते हुए आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति की जा सके
