न्यूज़ डेस्क, वैशाली । जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं तीव्र क्रियान्वयन को लेकर BICA, हाजीपुर में जिले के सभी पंचायत मुखिया, एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा-सह-उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने पर केंद्र सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को योजना के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं द्वारा योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान 1 किलोवाट, 2 किलोवाट, 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के सोलर संयंत्रों पर देय सब्सिडी, पात्रता, तकनीकी मानक तथा राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी साझा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृति में आ रही समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए सभी संबंधित बैंक नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा पात्र आवेदकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि वैशाली जिला के सभी 278 पंचायतों में मिशन मोड में सोलराइजेशन का कार्य संचालित किया जाए। इसके लिए रूफटॉप की उपलब्धता वाले भवनों का सर्वे कर संभावित लाभुकों की पहचान की जाए तथा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उप विकास आयुक्त सह नोडल पदाधिकारी द्वारा भी सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर अधिकाधिक आवेदन सुनिश्चित कराएं एवं प्रगति की नियमित समीक्षा करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को तत्परता से दूर करते हुए वैशाली जिले को सोलर ऊर्जा के क्षेत्र में एक मॉडल जिला बनाने की दिशा में कार्य करें।
बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, विद्युत विभाग के अभियंता, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, चयनित एजेंसी के प्रतिनिधि, सहित सभी पंचायत मुखिया उपस्थित रहे।
#EkSath #UnitedVaishali #SolarMission #TeamVaishali #PMSuryaGhar #CleanEnergyTogether #VaishaliModel
