न्यूज़ डेस्क, वैशाली। बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के आलोक में वैशाली जिले के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमति वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
डीएम वैशाली के मार्गदर्शन में यह निर्णय प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। पूर्व में विभागीय अधिसूचना के तहत 15 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराई जानी थी, किंतु अपरिहार्य कारणों से राज्य स्तर पर इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन नगर निकायों में 15 अप्रैल 2026 को सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव पहले ही संपन्न हो चुका है, वहां निर्वाचित समिति विधिवत कार्य करती रहेगी। साथ ही उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे स्थिति की सतत निगरानी रखें और शासन से प्राप्त नए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण करने हेतु नई समय-सारणी राज्य सरकार द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी। डीएम श्रीमती वर्षा सिंह ने कहा कि पारदर्शिता एवं विधि-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रक्रियाएं संचालित की जाएंगी।
