न्यूज़ डेस्क वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह, (भा.प्र.से.) की उपस्थिति में जिला समाहरणालय परिसर स्थित पुष्करणी सभागार में प्रधान सचिव-सह-राज्य समन्वयक (जनगणना), राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार श्री सी.के. अनिल की अध्यक्षता में जनगणना स्वगणना संबंधी समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा फिल्ड ट्रेनरों को स्वगणना अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधान सचिव महोदय ने कहा कि जनगणना देश के भावी विकास, योजनाओं की रूपरेखा तथा संसाधनों के समुचित वितरण का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि विश्व के प्रथम गणतंत्र वैशाली की जनता इस महत्वपूर्ण अभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो रही स्वगणना प्रक्रिया राष्ट्रीय जनगणना का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक चरण है। वैशाली जिले के लगभग 35 लाख नागरिकों, विशेषकर स्मार्ट फोन उपयोगकर्ताओं, से अपेक्षा है कि वे स्वयं स्वगणना करें। यह एक सेल्फ डिक्लेरेशन प्रक्रिया है, जिसका सत्यापन 2 मई से 31 मई 2026 के बीच पुरुष (विकास)एवं महिला (प्रगति) प्रगणकों द्वारा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने उपस्थित फिल्ड ट्रेनरों एवं सभी पदाधिकारियों को स्वगणना करते हुए कम-से-कम दस अन्य लोगों से स्वगणना कराने की अपील की।
प्रधान सचिव महोदय ने जानकारी दी कि भारत सरकार द्वारा 22 जनवरी 2026 के गजट के अनुसार हाउस लिस्टिंग हेतु कुल 33 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं तथा इन्हीं प्रश्नों के आधार पर जानकारी संकलित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्वगणना हेतु पोर्टल se.census.gov.in 16 अप्रैल की मध्यरात्रि 12 बजे के बाद से सक्रिय हो जाएगा। नागरिक अपने घर से ही इस प्रक्रिया को पूर्ण करें, क्योंकि पोर्टल में जियो-टैग लोकेशन आधारित व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे आवासीय स्थल की सटीक मैपिंग सुनिश्चित होगी। उन्होंने सुबह कार्यालय जाने से पूर्व अथवा संध्या 6 बजे के बाद स्वगणना करने को उपयुक्त समय बताया।
प्रधान सचिव महोदय ने कहा कि यह राष्ट्रीय हित से जुड़ा एक महत्त्वपूर्ण अभियान है। अगले दस वर्षों की विकास योजनाओं का आधार आज संकलित किए जाने वाले आंकड़े होंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनएसएस, एनसीसी एवं जागरूक नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
समीक्षा बैठक के उपरांत प्रधान सचिव महोदय द्वारा प्रेस ब्रीफिंग कर स्वगणना अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त वैशाली, अपर समाहर्ता वैशाली, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी वैशाली, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी वैशाली सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा वैशाली को राज्य का अग्रणी जिला बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
