बिदुपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। प्रखंड के जुरावनपुर, खिलवत, अमेर , बिदुपुर बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों से भव्य शोभा यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में बड़ी संख्या में आंबेडकर के अनुयायी, महिलाएं, पुरुष एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। पूरा वातावरण “जय भीम” के नारों से गूंज उठा।
शोभा यात्रा समिति के अध्यक्ष दिनेश राम, सत्येंद्र कुमार सरदार, भारतेन्दु ऋतू राज, भाजपा के जिला प्रभारी टिंकज कुमार, सरोज कुमार, उदय राय एवं विकाश कुमार ने कहा कि बाबा साहेब का सपना सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रसार के माध्यम से समाज में बदलाव लाना था। उन्होंने बताया कि डॉ. आंबेडकर का कथन था, “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” उनका मानना था कि व्यक्ति के पैरों में जूते हों या न हों, लेकिन हाथ में किताब अवश्य होनी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर नए भारत के शिल्पकार थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही राष्ट्र को सुदृढ़ और समर्थ बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा बाबा साहेब के विचारों को आगे बढ़ाते हुए समरस समाज के निर्माण में जुटी हुई है।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी टिंकज सिंह ने बच्चों के बीच पाठन-पठन सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बच्चों को अधिक से अधिक शिक्षित होने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। शोभा यात्रा समाप्ति के बाद विभिन्न स्थानों पर प्रसाद वितरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। पूरे प्रखंड में जगह जगह जयंती समारोह का माहौल श्रद्धापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण रहा।
