न्यूज़ डेस्क, वैशाली। बिहार अग्निशमन सप्ताह (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के अवसर पर आज दिनांक 16.04.2026 को अनुमंडल अग्निशमालय हाजीपुर के पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर हाजीपुर से पुलिस लाइन, रामाशीष चौक, रेलवे स्टेशन एवं जिला पदाधिकारी कार्यालय के समीप तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से आमजनों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही राजकीय मध्य विद्यालय सिंदुवारी में छात्र-छात्राओं के साथ साइकिल प्रभात फेरी निकाली गई। विद्यालय परिसर में बॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरण कर आम लोगों को अग्नि सुरक्षा नियमों एवं सावधानियों से अवगत कराया गया।
ज्ञातव्य है कि बिहार में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक “अग्निशमन सप्ताह” मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को अग्निकांड से होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करना तथा बचाव के उपायों की जानकारी देना है। 14 अप्रैल को “राष्ट्रीय अग्निशमन दिवस” के रूप में मनाया जाता है, जो अग्निशमन सेवा के शहीद जवानों की स्मृति को समर्पित है।
अग्निशमन सप्ताह के दौरान विद्यालयों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मॉक ड्रिल, रैली, प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सही प्रतिक्रिया देने का अभ्यास कराया जा रहा है।
जिलपदाधिकारी वैशाली द्वारा आमजनों से अपील की गई है कि घरेलू गैस सिलेंडर, बिजली उपकरणों एवं ज्वलनशील पदार्थों का सुरक्षित उपयोग करें, नियमित जांच कराएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल अग्निशमन सेवा (डायल 101/112) को सूचित करें।
सावधानी, सतर्कता एवं जागरूकता से ही अग्नि दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है।
