न्यूज़ डेस्क, बिदुपुर/हाजीपुर। बिदुपुर स्थित बिंदा मैरिज हॉल में ऐले पैशन सैलून के द्वारा आयोजित एक दिवसीय मेकअप एवं ब्यूटी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बिदुपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को ब्यूटी एवं मेकअप के क्षेत्र में व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेविका वीना मानवी, विशिष्ट अतिथि मेकअप आर्टिस्ट आयुषी सिन्हा, अभिनेत्री एवं मॉडल रिया शाह, साक्षी झा, ऐले पैशन सैलून की संचालिका निभा कुमारी, बोरिंग रोड सेंटर हेड पूजा सिन्हा, हाजीपुर की मेकअप आर्टिस्ट राखी सिंह, बिदुपुर सेंटर हेड प्रीति सिंह एवं पूजा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और ब्यूटी इंडस्ट्री भी एक ऐसा क्षेत्र है, जहां कम लागत में अच्छा रोजगार शुरू किया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं को अपने हुनर को पहचानने, उसे निखारने और आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

संचालिका निभा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि ब्यूटी इंडस्ट्री तेजी से विकसित हो रही है और इसमें रोजगार के असीम अवसर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि ऐले पैशन सैलून द्वारा महिलाओं के लिए कम शुल्क में सर्टिफिकेट कोर्स भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आसानी से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि उनका उद्देश्य महिलाओं को घर की चारदीवारी से बाहर निकालकर उनके सपनों को उड़ान देना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यशाला के दौरान लाइव मेकअप डेमो, स्किन केयर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी, आधुनिक ब्यूटी तकनीकों का प्रशिक्षण एवं प्रोफेशनल गाइडेंस दिया गया। प्रतिभागियों को ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, स्किन ट्रीटमेंट और प्रोडक्ट के सही उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे उनमें आत्मविश्वास और उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन ने क्षेत्र की महिलाओं के भीतर नई ऊर्जा और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा जगाई। साथ ही, यह कार्यशाला उनके लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
