न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)के प्रभावी नेतृत्व और लगातार मॉनिटरिंग का ही परिणाम है कि जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा जारी ताज़ा आंकड़ों ने भी इस व्यवस्था की मजबूती को प्रमाणित किया है।
डीएम वर्षा सिंह के स्पष्ट निर्देश पर आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और फील्ड मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी का असर है कि 22 अप्रैल 2026 को जिले में 10,399 एलपीजी गैस सिलेंडरों का सफल वितरण किया गया। वहीं 606 किलोलीटर पेट्रोल और 911 किलोलीटर डीजल की उपलब्धता से आमजन को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है।
डीएम के निर्देशानुसार एलपीजी आपूर्ति को और अधिक सुगम बनाते हुए उपभोक्ताओं के लिए होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू किया गया है। इससे लोगों को गैस एजेंसियों पर भीड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ रही है और वे घर बैठे ही सेवा का लाभ ले रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के भीतर पुनः बुकिंग की समय-सीमा भी निर्धारित की गई है।
कालाबाजारी और अनियमितताओं पर डीएम वर्षा सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार छापेमारी और निरीक्षण किए जा रहे हैं। अब तक प्राप्त 941 शिकायतों में से 925 का त्वरित निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है। साथ ही 29 गैस एजेंसियों/वितरकों पर सघन जांच कर जवाबदेही तय की गई है।
डीएम के मार्गदर्शन में शहरी क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन विस्तार का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसके तहत अब तक 272 उपभोक्ताओं को कनेक्शन प्रदान किया जा चुका है।
डीएम वर्षा सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन की व्यवस्था पर भरोसा रखें। साथ ही किसी समस्या के समाधान के लिए 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष की सुविधा का उपयोग करें।
डीएम वर्षा सिंह की सक्रियता और सख्त निगरानी ने वैशाली में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को न सिर्फ स्थिर रखा है, बल्कि इसे आमजन के लिए पूरी तरह भरोसेमंद भी बना दिया है।
