न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिले में पंचायत सचिवों के हड़ताल पर जाने के मद्देनजर जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र से.) द्वारा वैशाली जिले में पंचायत स्तर पर कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के लिए ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया गया है। 22 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के तहत प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में पंचायत सेवाओं को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों—हाजीपुर, बिदुपुर, लालगंज, भगवानपुर, महुआ, पातेपुर, जन्दाहा, राजापाकर समेत अन्य क्षेत्रों—में बड़ी संख्या में कर्मियों की वैकल्पिक प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आम जनता को योजनाओं और सेवाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।
जारी आदेश में पंचायत स्तर पर डाटा एंट्री ऑपरेटर, पंचायत रोजगार सेवक, ग्रामीण आवास सहायक और पंचायत कार्यपालक सहायकों को अलग-अलग पंचायतों में जिम्मेदारी सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालें। कई स्थानों पर एक-एक पंचायत के लिए विशेष रूप से कर्मियों की तैनाती की गई है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी योजनाओं—विशेषकर ग्रामीण आवास, जनगणना, और अन्य विकासात्मक कार्य—की प्रगति प्रभावित न हो।
डीएम वैशाली ने हड़ताल पर गए पंचायत सचिवों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ‘No Work No Pay’ का सिद्धांत लागू कर दिया है। आदेश में साफ कहा गया है कि हड़ताल की अवधि को बिना वेतन माना जाएगा और इस दौरान यदि किसी भी सरकारी कार्य में बाधा आती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कर्मियों की होगी। यह कदम प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों (BPRO) को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात कर्मियों से तत्काल कार्य ग्रहण कराएं और इसकी अनुपालन रिपोर्ट जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई पंचायत सचिव हड़ताल समाप्त कर पुनः कार्य पर लौटता है, तो उसे योगदान देने से पूर्व जिला प्रशासन को सूचित करना अनिवार्य होगा।
डीएम महोदया ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनहित सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर कामकाज ठप होने नहीं दिया जाएगा। उनके सख्त लेकिन संवेदनशील निर्णय से पंचायत व्यवस्था को मजबूती मिली है। यह स्पष्ट है कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा है तथा विकास कार्यों की रफ्तार हर हाल में जारी रखी जाएगी।
