न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा आम नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए आज समाहरणालय परिसर, हाजीपुर में अत्याधुनिक एवं पूर्णतः सुसज्जित प्रतीक्षालय (Waiting Hall) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)की गरिमामयी उपस्थिति में इस जनोपयोगी सुविधा को आम जनता को समर्पित किया गया।
विशेष बात यह रही कि “जनता के लिए, जनता द्वारा” की भावना को साकार करते हुए इस प्रतीक्षालय का उद्घाटन आम नागरिकों—श्री कृष्ण कुमार बुबना, श्रीमती नूरजहाँ बेगम (पति- अख्तर मियां), ग्राम- वाजितपुर कस्तूरी, प्रखंड- सहदेई बुजुर्ग तथा श्री चंद्रिका दास (पिता- भागीरथ दास), ग्राम- समरथपुर, प्रखंड- महनार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। यह पहल प्रशासन और आमजन के बीच सहभागिता एवं विश्वास का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है।

यह पहल बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को धरातल पर उतारने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। जनकेन्द्रित सोच के अनुरूप निर्मित यह प्रतीक्षालय सुशासन एवं संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक है।
नवनिर्मित प्रतीक्षालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। यह पूर्णतः वातानुकूलित (Air-Conditioned) है, जिससे भीषण गर्मी अथवा प्रतिकूल मौसम में भी नागरिकों को आरामदायक वातावरण मिल सके। इसके साथ ही पर्याप्त एवं सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था की गई है, ताकि समाहरणालय में विभिन्न कार्यों हेतु आने वाले लोगों को प्रतीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वच्छता एवं समावेशिता को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं, पुरुषों एवं दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग आधुनिक एवं सुलभ शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से अनुकूल डिज़ाइन अपनाया गया है, जिससे वे आसानी से इस सुविधा का उपयोग कर सकें।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, वैशाली ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों में बेहतर अनुभव प्राप्त हो तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह प्रतीक्षालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रशासन की संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे आमजन को अधिक से अधिक सहूलियत मिल सके और सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच और अधिक सरल हो।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस आधुनिक सुविधा का उपयोग जिम्मेदारीपूर्वक करें तथा इसकी स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं संरक्षा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह सुविधा लंबे समय तक सभी के लिए उपयोगी बनी रहे।
अंत में, जिला प्रशासन, वैशाली ने पुनः अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को साकार करने हेतु निरंतर प्रयास जारी रहेंगे और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर माननीय विधायक, हाजीपुर श्री अवधेश सिंह, अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला निबंधन पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी , जिला विकास पदाधिकारी वैशाली सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
