दीपेन्द्र प्रजापति / वीरगंज, नेपाल, 17 अगस्त। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में वीरगंज स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा रविवार को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने भारत और नेपाल के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा जनस्तरीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के सहयोग से भारत से आए सात सदस्यीय संगीत दल ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। श्री राजेश पांडेय के नेतृत्व में कलाकारों ने लोकप्रिय भारतीय गीत, ग़ज़लें तथा एक मधुर नेपाली गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का भरपूर मनोरंज न किया और खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रतिनिधि सभा सदस्य माननीय बुद्धि प्रसाद पन्त तथा विशिष्ट अतिथि मधेश प्रदेश सभा सदस्य माननीय बीना शर्मा ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर किया।

अतिथियों का स्वागत करते हुए वीरगंज स्थित भारत के महावाणिज्यदूत श्री देवी सहाय मीणा ने कहा कि संगीत दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता और आपसी समझ को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और सभ्यतागत संबंधों को दोनों देशों की साझा विरासत बताया।
मुख्य अतिथि श्री पन्त ने अपने संबोधन में कहा कि नेपाल और भारत के संबंध केवल पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति, धर्म, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम जनस्तर पर आपसी सद्भाव, समझ और मित्रता को और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के प्रतिनिधियों, पत्रकारों, भारतीय समुदाय के सदस्यों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

संगीतमय माहौल और कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। दर्शकों ने भारतीय और नेपाली संगीत का भरपूर आनंद लेते हुए दोनों देशों के बीच मैत्री और सद्भाव की भावना का अनुभव किया।
भारतीय महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज के कौंसुल (सीआईएस) श्री मनीष कुमार दास के अनुसार, इस कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर), काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास तथा आईसीसीआर नेपाल के सहयोग से किया गया। यह आयोजन भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के प्रमुख आकर्षणों में से एक रहा।
