न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु “गार्डासिल (HPV)” टीकाकरण का व्यापक विशेष अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण से सुरक्षित रखते हुए भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम करना है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुनियोजित कार्ययोजना के तहत जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा सामुदायिक स्थलों पर विशेष शिविर लगाकर पात्र बालिकाओं को HPV टीका प्रदान किया गया।
इसी क्रम में आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-211, जलालपुर (प्रखंड लालगंज) में आयोजित टीकाकरण सत्र के दौरान वार्ड संख्या-5 की 14 वर्ष 1 माह आयु की बालिका नेहा कुमारी (पिता – रामदेव दास, माता – सरिता कुमारी) को सफलतापूर्वक HPV टीका लगाया गया। इस अवसर पर सेविका विनीता कुमारी, एएनएम निभा कुमारी एवं विमला कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका सुजाता कुमारी तथा डीपीओ (ICDS) की उपस्थिति में टीकाकरण कार्य संपन्न हुआ।
अधिकारियों द्वारा मौके पर उपस्थित रहकर कार्यों की निगरानी एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया, जिससे अभियान की गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित हो सकी।अभियान की सफलता हेतु आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम द्वारा घर-घर संपर्क कर लक्षित आयु वर्ग की बालिकाओं का सर्वेक्षण किया गया तथा उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही जन-जागरूकता रैली, परामर्श सत्र, समूह बैठक एवं माइक्रो प्लान के माध्यम से व्यापक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है, जिससे बालिकाओं को दीर्घकालिक सुरक्षा प्राप्त होती है।
टीकाकरण के दौरान सभी निर्धारित स्वास्थ्य मानकों एवं प्रोटोकॉल का पालन किया गया तथा टीकाकरण के पश्चात बालिकाओं की निगरानी भी सुनिश्चित की गई, ताकि किसी भी प्रतिकूल प्रतिक्रिया की स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी, वैशाली ने अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “बालिकाओं का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। HPV टीकाकरण अभियान न केवल एक स्वास्थ्य पहल है, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ी को सुरक्षित करने का एक सशक्त माध्यम भी है।”
जिला प्रशासन द्वारा आमजन, विशेषकर अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं एवं इस जन-कल्याणकारी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
