न्यूज़ डेस्क वैशाली। एईडीईओ परीक्षा–2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी पूरी कर ली है। जिलाधिकारी वैशाली वर्संषा सिंह के संयुक्त आदेश के तहत जिले में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रशासनिक कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 एवं 21 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। इनमें 14, 17 एवं 20 अप्रैल को दो पालियों में, जबकि 15, 18 एवं 21 अप्रैल को एक पाली में परीक्षा संपन्न होगी। डीएम के निर्देश पर सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त प्रशासनिक नियंत्रण बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, लाइव मॉनिटरिंग एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था की है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए सीलबंद स्टील बॉक्स एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं ई-एडमिट कार्ड की जांच अनिवार्य की गई है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, जोनल एवं सेक्टर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निरीक्षण करेंगे। जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और किसी भी गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन का दावा है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सख्ती के साथ संपन्न कराया जाएगा।
