वाणीश्री न्यूज़, बिदुपुर। सारण जिले में दो प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) पर हुए हमले के विरोध में बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर बिदुपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) कुमार मनीष भारद्वाज ने लगातार छठे दिन भी काली पट्टी बांधकर विभागीय कार्यों का निर्वहन किया। उन्होंने नियमित सरकारी कार्यों को प्रभावित किए बिना सांकेतिक विरोध दर्ज कराया और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
बीडीओ कुमार मनीष भारद्वाज ने बताया कि 25 जुलाई को सारण जिले के सदर प्रखंड की बीडीओ दृष्टि पाठक तथा रिविलगंज के बीडीओ रितेश कुमार पर ड्यूटी के दौरान हमला किया गया था। दोनों अधिकारी विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात थे, लेकिन असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के विरोध में पूरे बिहार के बीडीओ काली पट्टी बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकार के निर्देशों का पालन कराने वाले अधिकारियों पर हमला होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी सरकारी पदाधिकारी के साथ इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
श्री भारद्वाज ने कहा कि राज्य के सभी प्रखंडों में कार्यरत बीडीओ अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विरोध के बावजूद सभी सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा कार्यालयीन कार्यों का निष्पादन सामान्य रूप से किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ ने सरकार से मांग की है कि फील्ड में कार्यरत अधिकारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी और ठोस व्यवस्था की जाए तथा हमले के दोषियों के विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संघ का कहना है कि जब तक सुरक्षा संबंधी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सांकेतिक विरोध जारी रहेगा।
