वाणीश्री न्यूज़, बिदुपुर (वैशाली)। बिदुपुर प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में बुधवार को प्रखंड स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष रामाकांत गिरी ने की, जबकि संचालन प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजित कुमार ने किया। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी अधिकृत उर्वरक (खाद) विक्रेता, कृषि विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी अजित कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में प्रखंड में उर्वरकों की किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी खाद विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक उर्वरक विक्रेता अपनी दुकान के बाहर स्पष्ट रूप से दुकान का नाम एवं लाइसेंस संबंधी जानकारी प्रदर्शित करें। साथ ही दुकान पर उपलब्ध उर्वरकों के स्टॉक की अद्यतन जानकारी प्रदर्शित करना तथा स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखना अनिवार्य है। विभागीय निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने, उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने खाद विक्रेताओं से अपील की कि वे किसानों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी ईमानदारी से पालन करें।
बैठक में बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह जदयू अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद मुकेश, समिति सदस्य सह रालोसपा अध्यक्ष गुड्डू कुमार निराला,आत्मा सदस्य सह भाजपा बिदुपुर पश्चिमी मंडल के उपाध्यक्ष नलिनी भारद्वाज, कृषि समन्वयक सदानंद सिंह, संजय कुमार, जितेंद्र कुमार, मणिकांत, राकेस रौशन, मुकेश कुमार, किसान सलाहकार प्रेम प्रकाश, ओमप्रकाश सिंह, सुनिल, रविरंजन, चंद्रकांत ठाकुर, शिवचंद्र प्रसाद सहित कृषि विभाग के अन्य कर्मचारी एवं प्रखंड क्षेत्र के सभी खाद विक्रेता उपस्थित रहे।
