न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा.प्र.से.)के सख्त निर्देश परजिला प्रशासन ने लालगंज नगर परिषद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 77 डिसमिल सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। यह जमीन लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर ली गई थी, जिससे नगर परिषद की आय और यातायात व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रहे थे।
डीएम वैशाली के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी, हाजीपुर द्वारा मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर संयुक्त अभियान चलाया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अतिक्रमित हिस्से को पूरी तरह खाली कराया गया। खास बात यह रही कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से हुई और किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।
प्रशासन के अनुसार, उक्त भूमि पर नगर परिषद द्वारा वर्षों से बस स्टैंड का संचालन किया जाता रहा है, जो राजस्व प्राप्ति का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। अतिक्रमण हटने के बाद अब बस स्टैंड का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और जाम की समस्या में भी कमी आएगी।
डीएम वैशाली ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह अभियान प्रशासन की सख्ती और शहर को व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
