बिदुपुर। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिदुपुर प्रखंड के अमेर पंचायत अंतर्गत कर्मोपुर गांव के वार्ड संख्या 12 और 13 में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से सामुदायिक किचेन की व्यवस्था की गई।
यह सामुदायिक किचेन की शुरुआत आज सोमवार को की गई है, जो लगातार 8 दिनों तक संचालित होगा। सामुदायिक किचेन के माध्यम से बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें इस मुश्किल परिस्थिति में खाने-पीने की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस राहत कार्य में अवनीत कुमार, पिंकू कुमार, विकास कुमार, विश्वजीत कुमार, दीपू कुमार, सनी कुमार और कौशल सिंह सहित अन्य लोगों की सक्रिय भूमिका रही।
बताया जा रहा है कि बिदुपुर प्रखंड में बाढ़ के कारण कई पंचायतों के कई वार्ड प्रभावित हैं। प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है, साथ हीं तीन जगहों पर सामुदायिक किचेन भी चलाया जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर पर लोगों की मदद के लिए यह सामुदायिक किचेन और राहत व्यवस्था शुरू की गई है।
बाढ़ की इस कठिन घड़ी में सामुदायिक सहयोग की यह पहल प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी । समाजसेवियों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना ही सबसे बड़ी इंसानियत है। कर्मोपुर में शुरू किया गया सामुदायिक किचेन इसी मानवीय संवेदना और सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश कर रहा है।
