न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिले में प्रशासनिक सतर्कता, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक वैशाली विक्रम सिहाग द्वारा संयुक्त रूप से हाजीपुर मंडल कारा का औचक निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान मंडल कारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों, सुरक्षा दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों, प्रवेश द्वारों तथा कारा परिसर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। इस क्रम में कारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बंदियों के रख-रखाव, स्वच्छता व्यवस्था तथा कारा कर्मियों की सतर्कता की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कारा परिसर में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। यह कारा प्रशासन की सतत निगरानी, अनुशासित व्यवस्था एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन का सकारात्मक प्रमाण है। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कारा प्रशासन को जेल मैनुअल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने, नियमित तलाशी अभियान संचालित करने, सुरक्षा मानकों को और सुदृढ़ बनाए रखने तथा कारा परिसर में अनुशासन कायम रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न यह औचक निरीक्षण स्पष्ट संदेश है कि वैशाली जिले में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं प्रशासनिक अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कारा जैसी संवेदनशील संस्थाओं में सतत निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, वैशाली, अनुमंडल पदाधिकारी हाजीपुर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हाजीपुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, वैशाली, विशेष कार्य पदाधिकारी, कारा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा कहा गया कि सुरक्षा एवं सुशासन के मानकों को और मजबूत बनाने हेतु इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं समीक्षा अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
