हाजीपुर, 12 अप्रैल। वर्षा सिंह के निर्देशन में वैशाली जिले के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर प्रशासनिक तैयारी तेज कर दी गई है। समाहरणालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से कराया जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार हाजीपुर, लालगंज, महुआ, महनार एवं जन्दाहा नगर निकायों में 18 अप्रैल 2026 को, जबकि गोरौल एवं पातेपुर में 20 अप्रैल 2026 को चुनाव कराया जाएगा। नामांकन, मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया एक ही दिन में निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूरी की जाएगी।
डीएम के निर्देश पर प्रत्येक नगर निकाय के लिए निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जवाबदेही एवं सतर्कता के साथ करने को कहा गया है।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि सभी वार्ड पार्षदों को समय पर सूचना उपलब्ध कराई जाए तथा नामांकन से लेकर मतगणना तक हर प्रक्रिया का विधिवत अनुपालन हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन की इन तैयारियों से स्पष्ट है कि वैशाली में सशक्त स्थायी समिति चुनाव को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
