न्यूज़ डेस्क,वैशाली। बाल विकास परियोजना कार्यालय, सदर अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र पर शनिवार को “जियो नन्ही परी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बेटी जन्म को सम्मान और गर्व के रूप में स्थापित करना था।
कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को शुभकामना संदेश प्रदान किए गए तथा बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस क्रम में जिलाधिकारी वर्षा सिंह का विशेष संदेश भी अभिभावकों को पढ़कर सुनाया गया, जिसमें नवजात बालिकाओं के जन्म पर बधाई देते हुए उनके बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बेटियों को समान अवसर प्रदान करना तथा उन्हें शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही बालिकाओं के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं, लाभार्थियों, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने “जियो नन्ही परी” अभियान को सफल बनाने तथा बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी वैशाली ने आमजन से अपील की कि वे बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाएं तथा “जियो नन्ही परी” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
