हाजीपुर/वैशाली, 17 अप्रैल 2026 (शुक्रवार): जिलाधिकारी वैशाली, श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित “जनता दरबार” कार्यक्रम में आज कुल 45 परिवादों का अवलोकन एवं निस्तारण किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक परिवाद पर सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर प्रतिवेदन जन शिकायत कोषांग को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आज प्राप्त परिवाद राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अवर निबंधक, आवास, विद्युत, डीएसओ, आईसीडीएस, आर्म्स, सीएस, जीविका, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित थे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों की जांच कर त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि सात निश्चय–3 “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिला, अनुमंडल, प्रखंड, थाना और पंचायत स्तर पर नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। आज विभिन्न स्तरों पर कुल 279 आवेदनों का अवलोकन एवं निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान है। जनता दरबार को एक सशक्त मंच बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से आमजन सीधे प्रशासन तक अपनी समस्याएं पहुंचा सकते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया तेज होती है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी परिवादों के निष्पादन में संवेदनशीलता और गंभीरता बरतते हुए तय समयसीमा का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
