न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार “जियो नन्ही परी” अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न स्थलों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज बाल विकास परियोजना कार्यालय, सदर हाजीपुर एवं अनुमंडल अस्पताल हाजीपुर, महुआ एवं महनार में “जियो नन्ही परी” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं (नन्हीं परियों) एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें शुभकामना संदेश प्रदान किया गया। साथ ही, बालिकाओं के जन्म पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बेबी किट का वितरण भी किया गया, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हो सके।
इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों को बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। उन्हें यह भी बताया गया कि बालिकाओं के समुचित विकास के लिए प्रारंभिक अवस्था से ही सही देखभाल, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी एवं उन्हें इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
जिला प्रशासन, वैशाली द्वारा यह अपील की गई है कि सभी नागरिक “जियो नन्ही परी” अभियान से जुड़कर बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि एक सशक्त एवं समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सके।
