न्यूज़ डेस्क, वैशाली। आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए जिले में संभावित जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार सभी नगर निकायों में नालों की व्यापक सफाई के साथ-साथ निकाली गई गाद एवं मिट्टी के त्वरित उठाव का विशेष अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि केवल नालों की सफाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनसे निकली गाद, मिट्टी एवं कचरे का समयबद्ध निष्पादन अत्यंत आवश्यक है। यदि उठाव में देरी होती है, तो जल निकासी पुनः बाधित हो सकती है, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महनार, महुआ एवं पातेपुर सहित सभी नगर निकायों में नालों की गहन सफाई कराई जा रही है। साथ ही, निकाली गई मिट्टी एवं कचरे को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कहीं भी अवरोध उत्पन्न न हो और जल निकासी सुचारु बनी रहे।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्य स्थलों का नियमित निरीक्षण करें तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थान पर गाद या कचरे का जमाव न हो। इसके अतिरिक्त, जलजमाव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पदाधिकारी स्वयं प्रतिदिन इस अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालों में कचरा न डालें एवं स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। सामूहिक प्रयासों से ही मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।
