न्यूज़ डेस्क, वैशाली । जिले में AES/JE (चमकी बुखार) के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह(भा. प्र.से.)के निर्देश पर जन-जागरूकता अभियान को और तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 02 मई 2026 (शनिवार) को शाम 04:30 बजे भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत हुसैना खुर्द गाँव में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के समीप संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
इस तरह के चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में AES/JE (चमकी बुखार) के प्रति जागरूकता फैलाना, इसके लक्षणों, बचाव के उपायों एवं समय पर इलाज की महत्ता के बारे में आमजन को जानकारी देना है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों द्वारा उपस्थित लोगों को विस्तार से बताया जाएगा कि यह बीमारी किन कारणों से होती है तथा इससे बचाव के लिए क्या सावधानियां बरतनी आवश्यक हैं।
चौपाल में विशेष रूप से बच्चों के अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा कि वे बच्चों को खाली पेट न सोने दें, समय-समय पर पौष्टिक आहार दें तथा तेज बुखार, उल्टी, बेहोशी या झटके जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। साथ ही स्वच्छता, मच्छर नियंत्रण एवं सुरक्षित पेयजल के उपयोग पर भी जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, ICDS, जीविका समूह, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे, जो घर-घर जाकर भी लोगों को जागरूक करने का कार्य करेंगे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आमजन से अपील की है कि वे इस संध्या चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने परिवार एवं समुदाय को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में सहयोग करें।
