न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत दिनांक 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक निर्धारित हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) कार्य की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई है तथा कल से इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। जिले में इस कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु कुल 6743 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। इसके लिए 6554 प्रगणकों (Enumerators) एवं 1148 पर्यवेक्षकों (Supervisors) की नियुक्ति की गई है, जिन्हें आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं।
हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के दौरान प्रत्येक घर का सर्वेक्षण कर भवनों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं अन्य आधारभूत जानकारी एकत्रित की जाएगी, जो भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में सहयोग करें तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएँ। जिला प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह कार्य पूर्णतः गोपनीय एवं विधिसम्मत है, अतः नागरिक निःसंकोच होकर इसमें भाग लें।
