न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित “स्व-गणना” (Self Enumeration) अभियान का आज दिनांक 01 मई 2026 को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अभियान में वैशाली जिला ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 5,82,867 से अधिक प्रविष्टियां पोर्टल पर दर्ज की है। अंतिम दिन 26 हजार से अधिक लोगों ने स्व-गणना करते हुए पोर्टल पर जानकारी अपलोड की।
जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी रणनीति के कारण यह अभियान जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल रहा। विशेष रूप से अंतिम दिनों में नागरिकों में काफी उत्साह देखा गया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लोगों ने स्वयं अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की अपील पर जिलावासियों ने स्व-गणना कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वहीं अभियान की सफलता में “Each One, Teach Ten” मॉडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस पहल के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति ने कम से कम दस अन्य लोगों को जागरूक करते हुए उन्हें स्व-गणना के लिए प्रेरित किया, जिससे अभियान को जन-आंदोलन का रूप मिला और प्रविष्टियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चलाए गए विशेष जागरूकता एवं सहयोग अभियान ने भी इस सफलता में अहम योगदान दिया।
जिला पदाधिकारी ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता जनसहभागिता और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि अब 02 मई से 31 मई 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संकलन एवं पूर्व में दर्ज प्रविष्टियों का सत्यापन एवं त्रुटि संशोधन का कार्य किया जाएगा।
अंत में, सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे आगामी चरण में प्रगणकों का सहयोग करें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य पूर्णतः सटीक, पारदर्शी एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
