न्यूज़ डेस्क वैशाली, 01 मई 2026: अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर वैशाली जिले में श्रम अधीक्षक कार्यालय द्वारा एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में श्रम अधीक्षक, कारखाना निरीक्षक, विभिन्न प्रखंडों में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जिले के विभिन्न हिस्सों से आए श्रमिक एवं मजदूर संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभुकों तक सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने ने विशेष रूप से बिहार शताब्दी संगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार समाज सुरक्षा योजना, बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर बल दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों का निबंधन, लाभों का समय पर भुगतान एवं शिकायतों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, 1948 एवं बकाया मजदूरी अधिनियम, 1936 जैसे श्रम कानूनों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, ताकि किसी भी श्रमिक का शोषण न हो। इसके लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यशाला के दौरान श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
अपने संदेश में जिला पदाधिकारी वैशाली ने कहा कि “अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस हमें श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के प्रति संकल्पित होने का अवसर देता है। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि श्रमिकों को न्याय, सुरक्षा और सम्मान मिले, तभी समावेशी विकास संभव है।”
