न्यूज़ डेस्क वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) ने “ज्ञान भारतम् मिशन” के तहत जिलेवासियों से महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि वैशाली जिला ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रहा है और यहां कई प्राचीन दस्तावेज, पांडुलिपियां एवं धार्मिक ग्रंथ मौजूद हैं, जो हमारी गौरवशाली परंपरा के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं।
जिला पदाधिकारी ने आम नागरिकों से आग्रह किया कि यदि उनके पास किसी भी प्रकार की प्राचीन पांडुलिपि, हस्तलिखित दस्तावेज, धार्मिक ग्रंथ या ऐतिहासिक महत्व की सामग्री उपलब्ध हो, तो वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को अवश्य दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त सामग्रियों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं डिजिटलीकरण किया जाएगा, ताकि इन्हें सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि “ज्ञान भारतम् मिशन” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने का एक व्यापक जन-अभियान है, जिसमें आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से वैशाली की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकेगी।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने भगवान बुद्ध की कर्मभूमि वैशाली की पावन धरती से समस्त जिलेवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा बुद्ध के शांति, अहिंसा, करुणा और मैत्री के संदेश आज भी पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक हैं। वैशाली की ऐतिहासिक धरती पर बुद्ध ने अपना अंतिम उपदेश दिया था।
उन्होंने आह्वान किया कि इस पावन अवसर पर हम सभी बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बढ़ाने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का भी संकल्प लें।
