न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली जिले में विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) द्वारा एक अभिनव एवं प्रेरणादायक पहल “हमारी कलेक्टर दीदी” के अंतर्गत विशेष ऑनलाइन मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया।
इस विशेष सत्र में जिला पदाधिकारी महोदया ने जिले के उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के विभिन्न आयामों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने परीक्षा की संरचना, प्रारंभिक एवं मुख्य परीक्षा की रणनीति, समय प्रबंधन की कला, उपयुक्त अध्ययन सामग्री के चयन तथा नियमित अभ्यास एवं अनुशासन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की दिशा में निरंतर अग्रसर रहने तथा कठिनाइयों से विचलित न होने की प्रेरणा दी।
इस ऑनलाइन सत्र में जिले के लगभग 285 उच्च माध्यमिक विद्यालयों से करीब 17,000 विद्यार्थी जुड़े। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली तथा उन्होंने अपने प्रश्नों के माध्यम से सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से समाधान किया गया, जिससे उन्हें स्पष्ट दिशा एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों के बीच अत्यंत सराहनीय रही। “हमारी कलेक्टर दीदी” कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं के प्रति मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास, लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता एवं सकारात्मक सोच का भी विकास कर रहा है।
