न्यूज़ डेस्क, वैशाली। वैशाली मे सोमवार को भीषण गर्मी व तपिश के बीच वैशाली के बिदुपुर चकोसन स्थित जीमदारी घाट पर बने पीपा पुल पर जाम लग गया, जिससे आवागमन ठप हो गया और लोग घंटों फंसे रहे। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही के चलते ओवरलोड भूसा लदी पिकप के टायर पंचर होने से उत्पन्न हुई।
पिकप चालक ने पुल पर ही गाड़ी छोड़कर पंचर बनाने की जुगाड़ में खिसक लिया, जिसके बाद पुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुल पर क्षमता से अधिक दबाव बढ़ता देख लोगों की हालत खस्ता हो गई। जाम में फंसे लोग किसी अनहोनी से व्यथित नजर आए।
प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी गई, लेकिन बावजूद इसके प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं हुई। तब पीपा पुल संवेदक रवि कुमार ने स्थानीय लोगों की मदद से जेसीबी के जरिए पिकप को जेसीबी से टोचन कर बाहर निकलवाया। इसके बाद करीब चार घंटे बाद पुल पर आवागमन शुरू हो सका।
प्रोजेक्ट मैनेजर रवि कुमार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन सहित जिला प्रशासन को भी शिकायत की गई है कि पुल पर मानक चार टन से अधिक भार लेकर वाहन ले जाए जा रहे हैं। ओवरलोडिंग को देखते हुए दियारे साइड से बैरिकेटिंग की गई थी, लेकिन दबंगों द्वारा लदे भारी वाहन बैरिकेटिंग हटाकर पुल पर ले जाए गए। प्रशासन की उपस्थिति में भी ओवरलोडेड वाहन ले जाने पर कोई रोक-टोक नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के कारण पिछले तीन महीनों में पुल पर कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके पुल की निगरानी व दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। आज जाम के दौरान लोड पड़ने से पुल के टूटने व धंसने की सौ प्रतिशत संभावना थी। उन्होंने प्रशासन से बात की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रशासन के सरकारी मोबाइल पर संपर्क करने पर मोबाइल कवरेज क्षेत्र से बाहर बताया गया।
वहीं, दोनों तरफ की बैरिकेटिंग लोगों ने तोड़कर फेंक दी। रवि कुमार ने बताया कि बीते दिनों SDM ने पुल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि यहां पुलिस बल की निगरानी दी जाएगी, लेकिन अब तक कुछ नहीं किया गया।
