न्यूज़ डेस्क, बिदुपुर। जनगणना 2027 के सफल संचालन को लेकर प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण की शुरुआत सोमवार, 13 अप्रैल से हो गई है। यह प्रशिक्षण शिव सागर विद्या मंदिर, रामदौली, बिदूपुर में आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) बिदुपुर, कुमार मनीष भारद्वाज ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जनगणना कार्य निदेशालय से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण 13 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 582 प्रगणकों और 97 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्य 8 फील्ड ट्रेनरों द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।
इस दौरान प्रतिभागियों को जनगणना के प्रथम चरण 1 मई से 31 मई तक होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के सांविधिक, व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें जनगणना के लिए विकसित विशेष मोबाइल एप्लिकेशन ‘एचएलओ’ के संचालन में दक्ष बनाया जा रहा है। यह देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी।
प्रशिक्षण की एकरूपता बनाए रखने के लिए निदेशालय द्वारा विस्तृत शेड्यूल तैयार किया गया है। इसमें एचएलओ मोबाइल एप्लिकेशन का अभ्यास, फील्ड में नजरिया नक्शा तैयार करना तथा डमी डेटा संग्रहण का प्रायोगिक प्रशिक्षण भी शामिल है।
सभी गतिविधियों की निगरानी सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से जिला, राज्य और निदेशालय स्तर पर रियल-टाइम की जा रही है। कर्मियों की एंट्री, बैच निर्धारण और उपस्थिति भी पोर्टल पर दर्ज की जा रही है।
