न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को बिदुपुर प्रखंड के सादुल्लापुर धबौली पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में स्वगणना अभियान एवं एचपीवी (सर्वाइकल कैंसर रोकथाम) टीकाकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी स्वयं उपस्थित रहीं और महिलाओं, जीविका दीदियों, कृषि सखियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर स्वगणना और आगामी जनगणना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वगणना नागरिकों को अपनी पारिवारिक जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर देता है, जिससे सटीक आंकड़े उपलब्ध होते हैं और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की नींव है। सही और अद्यतन जानकारी के आधार पर ही सरकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच पाती हैं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से स्वगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में एचपीवी वैक्सीनेशन पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीकाकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जरूरी कदम है। उन्होंने सभी से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और पात्र लाभार्थियों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
जिला पदाधिकारी के प्रेरक संबोधन से कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। उपस्थित लोगों ने स्वगणना, जनगणना और एचपीवी टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन वैशाली द्वारा इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक माहौल तैयार किया जा रहा है, जिसकी व्यापक सराहना हो रही है।
