न्यूज़ डेस्क, वैशाली। जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार मानसून को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी नगर निकायों में नाला उड़ाही (सफाई) के साथ-साथ नालों से निकली गाद/मिट्टी के त्वरित उठाव का विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि केवल नालों की सफाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि निकाली गई मिट्टी का समय पर उठाव एवं निष्पादन भी उतना ही आवश्यक है, ताकि पुनः नालों में अवरोध उत्पन्न न हो और जल निकासी सुचारू बनी रहे।
इस क्रम में नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महनार, महुआ, पातेपुर सहित सभी नगर निकायों में अभियान चलाकर नालों की गहन सफाई कराई जा रही है तथा निकली हुई मिट्टी को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य स्थल पर निरंतर निगरानी रखें एवं यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी मिट्टी या कचरा जमा न रहे।
जिला पदाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिया गया है कि जलजमाव संभावित क्षेत्रों की विशेष पहचान कर वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही, सभी नगर निकायों से प्रतिदिन कार्य प्रगति की रिपोर्ट ली जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
उन्होंने चेतावनी दी है कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नालों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या से प्रभावी रूप से निपटा जा सके।
