न्यूज़ डेस्क, वैशाली। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग, वैशाली की टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर विशेष छापेमारी अभियान संचालित करते हुए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
प्रथम कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभई गांव में गुप्त सूचना के आधार पर एक मकान में छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे से कुल 73.8 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हेला बाजार स्थित एक गुमटीनुमा दुकान में छापेमारी की गई, जहां से कुल 195 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में भी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
दोनों मामलों में उत्पाद विभाग की टीम द्वारा बरामद शराब को विधिवत जप्त करते हुए गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य नेटवर्क एवं संलिप्त व्यक्तियों की पहचान हेतु जांच की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक , वैशाली ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु लगातार निगरानी, वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पदाधिकारी, वैशाली ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सफल बनाने में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्रशासन एवं उत्पाद विभाग को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करने तथा शराबबंदी कानून के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
